महराजगंज। अंतर महाविद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता में महराजगंज के खिलाड़ी सनूज पटेल ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए हुआ है।
14 अक्तूबर को सत्र 2026-27 की अंतर महाविद्यालयी ताइक्वांडो महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन श्री रघुकुल महिला विद्यापीठ, गोंडा में किया गया। इसमें अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में सनूज पटेल ने अपने दमदार प्रदर्शन से स्वर्ण पदक हासिल किया। वह अवध विश्वविद्यालय में एमपीएड के छात्र हैं।
महराजगंज जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव अभिषेक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए चयनित होना उनकी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। सनूज की उपलब्धि पर संघ के जिला अध्यक्ष शरदेंदु कुमार पांडेय, प्रशिक्षक रिजवान अहमद फैजी, राहुल राय, उत्सव शर्मा, संजय सैनी, आकाश चौधरी, रिद्धि चौहान, श्वेता प्रजापति, हर्षिता सिंह, प्रिया साहनी, स्नेह प्रियदर्शी आदि ने खुशी जाहिर की है।