महराजगंज। नगर पंचायत चौक में शुद्ध पेयजल का इंतजाम हुआ है। यहां के सभी वार्डों में एक- एक न सिर्फ आरओ प्लांट लगाया जा रहा बल्कि डीपफ्रीजर की मदद से पानी शीतल भी बना रहेगा। नगर पंचायत में 1.20 करोड़ रुपये की लात से इस परियोजना पर कार्य चल रहा है। तीन वार्डों में इसका संचालन भी प्रारंभ कर दिया गया है। अन्य वार्डों में इसे तेजी से पूर्ण किया जा रहा हे।
नवसृजित नगर पंचायत चौक में अबतक पेयजल व्यवस्था इंडिया मार्क हैंडपंप व वाटर सप्लाई के सहारे थी। लेकिन अब शासन के सहयोग व नगर निकाय की सक्रियता से शुद्ध पेयजल का प्रबंध किया जा रहा है। आरओ प्लांट प्रत्येक वार्ड में लगाकर इसे सार्वजनिक स्थल पर टोंटी की मदद से इसकी उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। इस व्यवस्था का लाभ लगभग 18 हजार से अधिक की आबादी को मिलेगा। गुरू गोरक्षनाथ वार्ड के सभासद पवन वर्मा ने बताया कि अबतक शुद्ध पेयजल का इंतजाम न होने के कारण लोग दूषित पानी के सेवन से बीमारियों के चपेट में पहुंचते थे, लेकिन अब साफ और ठंडा पानी लोगों को मिले यह व्यवस्था होने से सहूलियत बढ़ गई है।