सत्ताधारी दल के साथ ही विपक्षियों ने भी किया जीत का दावा
महराजगंज। मतदान के बाद भाजपा, कांग्रेस, सपा, बसपा के जिलाध्यक्षों ने अपने समीकरण के अनुसार अपनी पार्टी के प्रत्याशी की जीत का दावा किया। सभी ने जनता पर भरोसा जताते हुए अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को चुनाव जीतने की बात कही। जनता के रुझान के अनुसार जीत का दावा करने वाले जिलाध्यक्षों ने क्रमश: अपनी प्रतिक्रिया दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष परदेशी रविदास ने कहा जिले की सभी विधानसभा सीटों से जीत दिलाकर इस जनता पंचामृत देगी। सरकार के काम का असर है कि जनता को भाजपा पर भरोसा है। चुनाव परिणाम आने पर सब कुछ सामने आ जाएगा।
सपा जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन ने कहा कि जिले की जनता महंगाई, भ्रष्टाचार से आजिज आ चुकी है। अब ऐसे सरकार की जरूरत है, जो जनता की समस्याओं को दूर कर सके। मतदान के जरिए लोगों ने सपा की सरकार बनाने के लिए जनादेश दिया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह ने पार्टी सभी सीटों पर मजबूती से लड़ रही है। प्रत्याशियों को जीत जरूर मिलेगी, क्योंकि समीकरण कांग्रेस के पक्ष में बना है। इसका फायदा प्रत्याशियों को जरूर मिलेगा।
बसपा जिलाध्यक्ष नारद राव ने कहा कि बसपा का जनाधार बढ़ा है। इस चुनाव में जनता का रुझान बसपा की तरफ रहा। सख्त कानून व्यवस्था बसपा सरकार में ही रहा है। ऐसे में जनता इस बार बसपा प्रत्याशियों को जीत दिलाएगी।