लक्ष्मीपुर। बीआरसी परिसर में बुधवार को ब्लॉक स्तरीय दो दिवसीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। पहले दिन दौड़, कबड्डी, खो-खो और गोला क्षेपण जैसे विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ। गोला फेंक में आकाश, शतरंज में शिव कुमार चैंपियन बने।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में गोला फेंक में आकाश ने पहला स्थान प्राप्त किया। शतरंज में शिव कुमार अव्वल रहे। प्राथमिक स्तर की 50 मीटर बालिका दौड़ में शिवानी और बालक दौड़ में सेराज प्रथम रहे। 100 मीटर बालिका दौड़ में नाजिया तथा बालक दौड़ में रबीश ने पहला स्थान पाया। जूनियर स्तर की बालिका दौड़ में साजरा और बालक दौड़ में धीरेंद्र कुमार प्रथम रहे।
पहले दिन कबड्डी और खो-खो के मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहे। कबड्डी प्रतियोगिता में न्याय पंचायत रजापुर, एकमा और पुरंदरपुर की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, खो-खो में न्याय पंचायत बकैनिया, रजापुर, बेलवा खुर्द, महुअवा अड्डा और एकमा के बच्चों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। बृहस्पतिवार को विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इससे पहले, खंड शिक्षा अधिकारी सुदामा ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर गिरिजेश कुमार पांडेय, धन प्रकाश त्रिपाठी, हरिश्चंद्र चौधरी, अजयपाल वर्मा, दयानंद त्रिपाठी, राजेश श्रीवास्तव, विपिन पटेल, करिश्मा श्रीवास्तव, चंदन मिश्रा, दिनेश यादव और मनोज उपाध्याय आदि मौजूद रहे।