महराजगंज। नियमित टीकाकरण की कम कवरेज को बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग सितंबर माह में विशेष टीकाकरण अभियान चलाएगा। अभियान के दौरान 16 वर्ष तक के बच्चों का हेड काउंट सर्वे कर छूटे हुए बच्चों को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद ड्यू लिस्ट तैयार कर बच्चों का टीकाकरण कराया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों को अनावश्यक अवकाश नहीं मिलेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार चौधरी ने सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। यह निर्णय जिला स्वास्थ्य समिति की 29 अगस्त को हुई बैठक में टीकाकरण की कम कवरेज सामने आने के बाद लिया गया।
डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने बताया कि सितंबर माह में सभी सत्रों पर विशेष टीकाकरण अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान आशा, संगिनी और एएनएम के माध्यम से 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों का हेड काउंट सर्वे कर छूटे हुए बच्चों की ड्यू लिस्ट तैयार की जाएगी।