मौसम का बदला मिजाज, दस दिन बाद हुई बारिश
महराजगंज। अगस्त में दस दिन बाद मंगलवार शाम जिले भर में बारिश हुई। पनियरा व परतावल क्षेत्र में जहां धीमी बारिश हुई है वहीं जिला मुख्यालय समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में एक घंटे से अधिक हुई बारिश से धान की फसलों को संजीवनी मिली है। किसानों ने इस बारिश से राहत महसूस की है।
बारिश के लिहाज से यह वर्ष बहुत अच्छा नहीं है। कम बारिश ने आमजन के साथ-साथ किसानों की मुश्किल को बढ़ाने का कार्य किया है। बारिश के न होने से जहां किसान अपनी उपज के लिए चिंतित हैं, वहीं आमजन भी गर्मी व उमस से परेशान हैं। मंगलवार की शाम को चार बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और बारिश शुरू हो गई। जिला मुख्यालय पर धीमी गति से एक घंटे बारिश हुई। सिसवां, चौक, निचलौल व घुघली में मध्यम गति से बारिश हुई है, वहीं पनियरा, फरेंदा, धानी, नौतनवां आदि जगहों पर हल्की बारिश हुई है। कम बारिश वाले स्थलों पर उमस के शुरू होने से आमजन की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बसडीला के किसान सितई ने कहा कि यदि बारिश नहीं होगी तो मुश्किल बढ़ेगी। नियमित बारिश हो तो फसल के लिए बेहतर होगा। पनियरा के रहने वाले सोहन श्रीवास्तव ने कहा कि हल्की बारिश ने उमस को बढ़ाने का कार्य किया है।
अगस्त में सात बार में हुई है 96 मिलीमीटर बारिश
इस बार अगस्त में मंगलवार की सुबह आठ बजे तक कुल सात बार में 96 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इससे पूर्व 14 अगस्त को सर्वाधिक 32 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
मध्यम बारिश की संभावना
- मौसम वैज्ञानिक कैलाश पांडेय ने बताया कि जिले में बुधवार को मध्यम बारिश होने की संभावना है। पांच से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं।
- जिले में हुई बारिश फसल के लिए अमृत के समान है। जब तक फसल में बालियां न लग जाएं, तब तक नियमित अंतराल पर बारिश फायदेमंद होती है। बारिश होने से किसानों को राहत मिलेगी।
- वीरेंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी