ग्राम चौपाल में आए थे कुल 20 मामले, अन्य शिकायतों के जल्द निस्तारण के दिए निर्देश
मिठौरा। विकास खंड मिठौरा क्षेत्र की ग्रामसभा पकड़ियार बुजुर्ग में शुक्रवार को आयोजित ग्राम चौपाल का मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र सिंह ने निरीक्षण किया। चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और आठ मामलों का निस्तारण कराया। अन्य शिकायतों के बारे में संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार, चौपाल में कुल 20 शिकायतें आईं, जिनमें से आठ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। ग्रामीणों ने पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, राशन वितरण, कृषि योजनाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। सीडीओ ने संबंधित विभागों को लंबित मामलों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने चौपाल में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने ग्रामसभा स्थित अन्नपूर्णा भवन का निरीक्षण कर राशन स्टॉक, वितरण व्यवस्था तथा अभिलेखों की भी जांच की। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों को व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी राहुल सागर, ग्राम सचिव सत्यम चौधरी, दरस चौधरी, आशुतोष यादव, पंचायत सहायक सीमा, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।