प्रधानमंत्री के आह्वान का महिलाओं पर प्रभाव
आर्टिफिशियल ज्वैलरी की डिमांड, लखनऊ से पहुंच रहे लुभाने मॉडल
महराजगंज। सराफा कारोबार को इन दिनों आर्टिफिशियल ज्वैलरी के जरिये संजीवनी मिल रही है। स्थानीय कारोबारी लखनऊ के याहियागंज से आर्टिफिशियल ज्वैलरी मंगा रहे। यह ज्वैलरी सराफा बाजार में ''एक ग्राम'' के नाम से मशहूर हो रही है। महिलाएं भी आर्टिफिशियल ज्वैलरी कहने की जगह इसे एक ग्राम के नाम से ही मांग रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुछ दिन पहले पीली धातु (सोना) खरीदने से परहेज करने की अपील की थी। इस अपील का आधी आबादी पर व्यापक असर कहें या सोने के बढ़ते दाम इन दिनों बाजार में आर्टिफिशियल ज्वैलरी की बिक्री बढ़ गई है। सराफा कारोबारियों की माने तो इन दिनों सोने और चांदी के आभूषण की जगह महिलाएं आर्टिफिशियल ज्वैलरी अधिक खरीद रही हैं। यह ज्वैलरी 500 रुपये से लेकर 5000 की रेंज में मनचाहे मॉडलों में उपलब्ध है।
मुख्यालय के सराफा कारोबारी राजकुमार वर्मा ने बताया कि इस समय 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 1.52 लाख रुपये तो चांदी 2.62 लाख रुपये किलो है। प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद महिलाएं आर्टिफिशियल ज्वैलरी की डिमांड करने लगी हैं। आकर्षक मॉडल की ज्वैलरी गोरखपुर के अलावा लखनऊ के अमीनाबाद, याहियागंज व भूतनाथ सराफा मार्केट से मंगाई जा रही है। इसकी बिक्री इन दिनों खूब हो रही है।
कारोबारी गणेश वर्मा ने बताया कि एक ग्राम ज्वैलरी 200 रुपये की रेंज से शुरू होती है। खास बात यह है कि इसमें मनचाहा मॉडल पाया जा सकता है। आर्टिफिशियल ज्वैलरी कारोबार बढ़ाने के लिए इसे बनाने वाले नए ट्रेंड के मॉडलों को तरजीह दे रहे हैं। साथ ही अच्छी पालिश के कारण चार से पांच माह तक यह खरे सोने की तरह दिखता जिसके कारण बिक्री अधिक हो रही है।