नौतनवा। होली की आड़ में हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की पैनी निगाह रहेगी। पल-पल की गतिविधियों पर सतत निगरानी बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही भ्रमणशील रहने के लिए भी पुलिसकर्मियों की विशेष टीम बनाकर ड्यूटी लगाई गई है। यदि किसी ने व्यवस्था में खलल पैदा की तो पुलिस कड़ी कार्रवाई करने को तैयार है।
यह बातें थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने कहीं। उन्होंने कहा कि होली की खुमारी में क्षेत्र की शांति और सुरक्षा व्यवस्था पर कोई आंच न आने पाए इसको लेकर पुलिस हर स्तर से तत्पर और अलर्ट है। आमजन एवं डीजे संचालकों के साथ बैठक कर सख्त हिदायत दी जा चुकी है। होली के दिन यदि किसी ने भी रंग में भंग डालने को धार्मिक, सांप्रदायिक या अश्लील गीत बजाया और विवाद फैलाने की कोशिश की तो उसे पुलिस की सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। थानाध्यक्ष ने कहा कि जिन पुलिसकर्मियों की निगरानी के लिए ड्यूटी लगाई गई है उन्हें कर्तव्य निर्वहन हेतु विस्तार से जानकारी दे दिया गया है। कहीं भी कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी, यदि किसी जिम्मेदार की भी कर्तव्य के प्रति उदासीनता या लापरवाही सामने आई तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।