मारपीट के मामले में बारह के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खनुआ (महराजगंज)। नौतनवां थाना क्षेत्र के नगरपालिका के बहादुर शाह नगर वार्ड में गत शुक्रवार को कोचिंग पढ़कर घर लौट रहे छात्रों को कुछ मनबढ़ों ने हमला कर पीटकर घायल कर दिया था। मामला पुलिस तक पहुंचा। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद 12 अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट व गाली गलौज आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच -पड़ताल में जुटी हुई है।
क्षेत्र के हरदी डाली गांव निवासी जगदीश साहनी ने नौतनवां थाना में दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र विजय साहनी भुंडी मोहल्ला में एक अध्यापक से कोचिंग पढ़ने जाते हैं। शुक्रवार को उनके पुत्र के साथ गांव के रवि साहनी, गौरी शंकर मौर्य, पंकज सिंह व श्रीराम गुप्ता भी पढ़कर लौट रहे थे। अभी वह बाइपास के पहले एक पीपल वृक्ष के पास पहुंचे ही थे कि ढेर दर्जन लोगों ने रास्ता रोककर घेर लिया और अध्यापक से कोचिंग पढ़ने से मना करने लगे। इस बात से इंकार करने पर आरोपितो ने आक्रोशित होकर मारने पीटने लगे। पुलिस ने जगदीश साहनी की तहरीर पर आरोपी गुलाम रसूल निवासी लोधसी, बिल्लू, इमरान, अख्तर निवासी परसोहिया थाना नौतनवां व अज्ञात 12 के खिलाफ बलवा करना, गाली गलौज, मारपीट व जान की धमकी का मुकदमा दर्ज किया है। मुकादमा दर्ज होने की पुष्टि प्रभारी निरीक्षक नौतनवां राजेश कुमार पांडेय ने की।