महराजगंज। अपर पुलिस महानिरीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर महराजगंज महिला थाने में विवाहिता की तहरीर पर पति, सास, ननद, ननदोई और देवर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज हुआ है। भौंरा बारी, कैंपियरगंज गोरखपुर की सपना ने तहरीर देकर कहा कि उसकी शादी 2021 में रुद्रापुर भिटौली महराजगंज निवासी बबलू के साथ हुई थी। मेरी मां ने खेत बेंचकर मेरी शादी में पांच लाख रुपये दहेज और आभूषण दिया था।
ससुराल जाने पर पति व सास कम दहेज को लेकर प्रताड़ित करने लगे। इसी बीच पति पल्सर बाइक के लिए दबाव बनाने लगा। मां ने 1.20 लाख रुपये बाइक के लिए दी, लेकिन ससुराल वालों के व्यवहार में कोई कमी नहीं आई। इसी बीच सास ने मेरे नाम पर लोन ले लिया और लोन का पैसा जमा करने के लिए मुझसे पैसा मायके से लाने का दबाव बनाने लगीं।
मना करने पर पति, सास, देवर, ननद व ननदोई ने पिटाई कर दी। इलाज के बहाने बाइक से मुझे गोरखपुर पति ले गए, लेकिन जगह-जगह बाइक से गिरा कर मारने की कोशिश की। यहां तक कि मुझे ट्रक के आगे धक्का भी दिया। मुश्किल से जान बच सकी। पीड़िता ने स्थानीय थाने के अलावा महिला थाने में इसकी शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई होता न देखकर गोरखपुर अपर पुलिस महानिरीक्षक से शिकायत की। अपर महानिरीक्षक ने महराजगंज महिला थाने में केस के लिए निर्देश दिया। आरोपी बबलू, ऊषा, सूरज, मोनिका, मोहन के खिलाफ केस पंजीकृत करने की पुष्टी थानाध्यक्ष प्रियंका मौर्या ने की। संवाद