जागरूकता रैली बेअसर, परिषदीय स्कूलों में घटे बच्चे
महराजगंज। शासन व प्रशासन द्वारा परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए भले ही लाख कवायद हो रही है। लेकिन स्कूलों में नामांकन के लिए जागरूकता अभियान का असर नहीं दिख रहा है। विभाग की ओर से तमाम जागरूकता रैली, गोष्ठी आयोजित कर स्कूल चले हम की मंशा को सकार करने की कोशिश रंग नहीं ला रही है। यही कारण है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष नौ ब्लॉकों में बच्चों की संख्या घटी है। जबकि तीन ब्लॉकों में वृद्धि दर्ज की गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग नामांकन बढ़ाने को लेकर मार्च माह से ही हर जतन कर रहा है। इसके लिए जिम्मेदारों ने रैलियां निकाल व जनसंपर्क कर अभिभावकों को प्रेरित भी किया। जिन ब्लॉकों में अभिभावकों व ग्रामीणों का सहयोग मिला, वहां पर तो पिछली वर्ष की तुलना में अधिक प्रवेश हो गए लेकिन जिन ब्लॉकों में विभिन्न कारणों से सहयोग नहीं मिला, वहां पर प्रवेश पिछली वर्ष की तुलना में घट गए हैं। विभागीय आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2018 में धानी में 6438, घुघली में 17229, बृजमनगंज में 18525,मिठौरा में 18631, सिसवा में 17300, निचलौल में 22028, पनियरा में 18383, परतावल में 18083 व लक्ष्मीपुर में 23273 विद्यार्थी पंजीकृत थे। वहीं वर्ष 2019 में धानी में 5436, घुघली में 14623, बृजमनगंज में 18255,मिठौरा में 17760, सिसवा में 16888, निचलौल में 20774, पनियरा में 16713, परतावल में 17010 व लक्ष्मीपुर में 20671 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
-----------------
सदर ब्लॉक में प्रवेश की रफ्तार सबसे तेज
जिले के जिन तीन ब्लॉकों में प्रवेश की रफ्तार तेज है उसमें सदर, फरेंदा व नौतनवां का नाम है। सदर में वर्ष 2018 में 18753 विद्यार्थी पंजीकृत रहे। जबकि इस वर्ष उनकी संख्या बढ़कर 20583 हो गई है। फरेंदा ब्लॉक में पहले 18672 विद्यार्थी थे, जिनकी इस वर्ष संख्या बढ़कर 19538 हो गई है। नौतनवां ब्लॉक में पहले 24351 विद्यार्थी रहे। अब वहां संख्या बढ़ कर 25697 हो गई है।
-------------
बदल रही है समाज की सोच : बीएसए
जिला बेसिक बेसिक शिक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद शुक्ल ने कहा कि विद्यालयों में सख्ती व बेहतर व्यवस्था से समाज की सोच बदल रही है। जिन तीन ब्लॉकों में संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है वह इस बात का परिचायक है कि ग्रामीणों का सहयोग मिल रहा है। जिन ब्लॉकों में कम नामांकन हुए हैं, वहां और प्रयास की जरूरत है।