महराजगंज। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (मत्स्य विभाग) डॉ. संजय निषाद ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को सम्मान दें और उन्हें साथ लेकर गांव, गली और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाएं।
वह मंगलवार को धनेवा स्थित निरीक्षण भवन सभागार में जिला कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर संगठन को मजबूत बनाने का मंत्र दिया। बैठक के बाद प्रेसवार्ता में डॉ. संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी केवल राजनीतिक दल नहीं बल्कि मछुआ समाज सहित वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों एवं सम्मान की लड़ाई लड़ने वाला आंदोलन है।
उन्होंने 18 नवंबर को फरेंदा स्थित अभिनव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित होने वाले सांविधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन एवं पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। पदाधिकारियों से जनसंपर्क अभियान, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और क्षेत्रवार जिम्मेदारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कल का महासम्मेलन नई जिला कार्यकारिणी की पहली बड़ी परीक्षा है। इसकी सफलता सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास पर निर्भर करेगी।
डॉ. संजय निषाद ने कहा कि मछुआ समाज की सांविधानिक सुरक्षा, आरक्षण, सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी से जुड़ी मांगों को पार्टी लगातार उठाती रही है। 18 नवंबर का महासम्मेलन ऐतिहासिक होगा। इसके माध्यम से मछुआ समाज की आवाज प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक पहुंचाई जाएगी। मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में समाज अपने राजनीतिक भविष्य और अधिकारों को लेकर स्वतंत्र निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है।