महराजगंज। मौसम में बदलाव और तापमान में लगातार गिरावट के साथ अस्थमा के मरीजों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सुबह-शाम चलने वाली ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण सांस की नलियों में सिकुड़न होने से मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में चिकित्सकों ने अस्थमा से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि इन दिनों अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 80 से 90 मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें करीब 35 से 40 मरीज अस्थमा से पीड़ित होते हैं। ठंड के मौसम में ऐसे मरीजों की परेशानी बढ़ने की आशंका रहती है। ठंडी हवा सीधे सांस के रास्ते शरीर में पहुंचने से सांस की नलियों में सिकुड़न हो सकती है। इससे खांसी, सीने में जकड़न, सांस फूलने और घरघराहट जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
उन्होंने बताया कि अस्थमा के मरीज सुबह और देर रात टहलने से बचें। जरूरी होने पर बाहर निकलते समय मास्क या मफलर का इस्तेमाल करें, ताकि ठंडी हवा सीधे सांस के रास्ते अंदर न जाए। इसके साथ ही धूल, धुएं और प्रदूषण से दूरी बनाए रखें। चिकित्सक की सलाह के अनुसार नियमित रूप से इनहेलर का इस्तेमाल करें और दवाओं को बीच में बंद न करें।
डॉ. वैभव ने कहा कि सांस लेने में अधिक परेशानी, सीने में जकड़न या लगातार खांसी होने पर लापरवाही न बरतें। ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सक से संपर्क कर जांच कराएं। ठंड के मौसम में थोड़ी सी सावधानी बरतकर अस्थमा के मरीज अपनी परेशानी को काफी हद तक नियंत्रित रख सकते हैं।