महराजगंज। भारतीय क्षेत्र से नेपाल की राजधानी काठमांडू और पर्यटन स्थल पोखरा तक रोडवेज बस सेवा जून से शुरू हो सकती है। भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा के तहत परिवहन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर ने नेपाल की परिवहन संस्थाओं से गोरखपुर व वाराणसी के लिए नेपाल से बस चलाने का आवेदन मांगा है।
भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा का संचालन भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चल रहा था, लेकिन कोविड काल में इसपर ब्रेक लग गया। अब एक बार फिर इसे शुरू करने के लिए प्रयास शुरू हुए हैं।
वाराणसी, गोरखपुर और सोनौली डिपो से एक-एक बस अलग-अलग दिन काठमांडो और पोखरा के लिए संचालित होंगी। नेपाल के इन शहरों से भारतीय क्षेत्र के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी। इसके लिए नेपाली परिवहन सेवा से जुड़े संगठनों से आवेदन मांगे गए हैं।
क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर की तरफ से 25 मई तक नेपाल से बस चलाने की इच्छुक संस्थाओं से आवेदन मांगा गया है। इसके बाद दोनों तरफ के संचालित वाहनों की तिथि तय होने की उम्मीद है। भारत की तरफ से जाने वाले साधारण सेवा 1.30 रुपया प्रति किमी व एसी बस का चार्ज 1.45 रुपये प्रति किमी की दर से लिया जाएगा।
सर्वजीत वर्मा, प्रभारी एआरएम, सोनौली बस डिपो