रुद्रौली गांव में खेत में लगे विद्युत टॉवर पर लटका मिला शव
नशे का आदी था युवक, परिजन से अक्सर होता था विवाद
निचलौल। स्थानीय थाना क्षेत्र के रुद्रौली गांव में मंगलवार सुबह खेत में लगे विद्युत टॉवर पर फंदे से लटका युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव को टॉवर से उतारकर घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रुद्रौली गांव निवासी रामकोकिल उर्फ दरोगा चौधरी (23) पुत्र बसंत चौधरी के रूप में हुई। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई और बहन की शादी हो चुकी है। परिजन के अनुसार, रामकोकिल करीब 15 दिन पहले मजदूरी करने के लिए प्रदेश गया था। तीन दिन पहले ही वह वापस घर लौटा था।
रामकोकिल के पिता बसंत चौधरी ने बताया कि रामकोकिल मादक पदार्थों का आदी था और इसी को लेकर अक्सर परिवार व आसपास के लोगों से विवाद करता था। घर लौटने के बाद उसने खाना भी नहीं खाया था। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के उत्तर दिशा में सीवान स्थित विद्युत टॉवर में रुमाल के सहारे फंदे से लटका उसका शव देखा। इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बेटे की मौत से मां रंभा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार कह रही थीं कि यदि बेटे ने डॉक्टर की बात मानकर नशा छोड़ दिया होता तो शायद यह कदम नहीं उठाता।
थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।