भिटौली। स्थानीय थाना क्षेत्र में भैंसा पुल के समीप बड़ी नहर में बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे एक अधेड़ का शव उतराता मिला। शव देखते ही राहगीरों ने शोर मचाया जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान लालचंद (45) निवासी चिउरहा, थाना कोतवाली के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, लालचंद पिछले काफी समय से परिवार के साथ भिटौली थाना क्षेत्र के धर्मपुर बड़ागांव स्थित अपनी ससुराल में रह रहे थे। परिजन के मुताबिक, मंगलवार दोपहर वह किसी जरूरी काम से भिटौली जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजन ने उनकी तलाश शुरू की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। दो दिन तक तलाश के बाद बृहस्पतिवार सुबह लालचंद की पत्नी इंदू ने भिटौली थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। इसी दिन दोपहर में भैंसा पुल के समीप बड़ी नहर में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पत्नी इंदू ने शव की पहचान अपने पति लालचंद के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक यदुवीर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।