महराजगंज। साइबर ठगों ने पंजाब नेशनल बैंक का सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति के खाते से 1.31 लाख रुपये निकाल लिए। खाते से रकम निकलने का संदेश मिलते ही पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोहगीबरवां थाना क्षेत्र के सोहगीबरवां गांव निवासी रामकृपाल दूबे ने पुलिस को बताया कि 18 अगस्त को दोपहर करीब 12:15 बजे उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि पंजाब नेशनल बैंक का सीनियर सिटीजन कार्ड 24 अगस्त को डाक विभाग के माध्यम से उनके घर भेजा जाएगा। इसके लिए कॉल करने वाले ने उनसे आधार कार्ड की जानकारी मांगी।
बातों में आकर रामकृपाल ने कॉल करने वाले को अपना आधार नंबर बता दिया। इसके कुछ ही मिनट बाद दोपहर 12:26 बजे उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 1,31,000 रुपये डेबिट होने का संदेश आया। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस से ठगी गई रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक मुहम्मद रसीद खान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।