घुघली। घुघली-शिकारपुर मार्ग के रामपुर मोड के पास टेंपो से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में टेंपाे सवार सात यात्री घायल हो गए। घायलों को सीएचसी घुघली में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए तीन लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया। जबकि पांच लोगों को घर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे शिकारपुर की तरफ से टेंपो में सवार होकर खड्डा हनुमानगंज निवासी राम अधार (58), संगीता व खेसरारी निवासी भरपटिया सिसवा बाजार, घुघली निवासी काजल (20), सुशीला देवी (65), निकेता (27) एवं उनकी बेटी रिया (4) व कोठीभार थाना क्षेत्र के मझौवा निवासी कुलदीप गुप्ता (29) घुघली आ रहे थे।
इसी बीच रामपुर मोड चौक पर विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार विजय (30) निवासी अहिरौली की टक्कर हो गई, जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे लोगों में चीख पुकार मच गई। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ केंद्र घुघली लाया गया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बाइक चालक विजय, टेंपो में सवार कुलदीप व निकेता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान बाइक चालक विजय की मौत हो गई।
घटना की सूचना पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। सामान्य रूप से घायल पांच लोगों को उपचार के बाद परिजन घर ले गए। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह के अनुसार, गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर करके शेष को घर भेज दिया गया। इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।