सोनौली। दशहरे के पूर्व सोनौली बाजार में रौनक है। सोमवार को कस्बे में जाम के कारण यात्रियों में नोकझोंक होती रही। छोटे-बड़े वाहनों से कस्बे के मुख्य मार्ग, लिंक एसएसबी रोड़ पर भी जाम की स्थिति बन गई। जाम से निजात के लिए कोई हमराही नजर नहीं आया।
सोनौली रामजानकी मंदिर से कस्टम बैरियर को पार करने में लोगों को दो घंटे से अधिक लग रहे हैं। माल वाहक ट्रक, कार के बाद दुकानों के आगे लगे छोटे वाहन और बाइक के कारण जाम की समस्या हो रही है। व्यापारी रवि वर्मा, सूरज जायसवाल, धर्मेंद्र कुमार, हरिश्चंद्र ने बताया कि नेपाल में दशहरा पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है, जिसकी खरीददारी करने के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं।
कुछ दुकानदार दुकानों के आगे ही अपने स्टाफ की बाइक और कार लगा रखे हैं, जिससे जाम लग जा रहा है। भारत नेपाल को जोड़ने वाली मुख्य सड़क नेशनल हाईवे 24 नेपाल से आने वाले ग्राहकों और उनके वाहनों सहित ट्रकों से जाम की स्थिति बन गई जो नोमेंस लैंड से रामजानकी चौक व टेंपो स्टैंड एवं मंगल बाजार तक है। सड़क पर सबसे अधिक संख्या ई-रिक्शा एवं बेतरतीब चल रहे टैक्सियों से जाम की स्थिति बन गई। प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह के अनुसार, सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।