निचलौल। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति को बेटी को धमकी देने वाले युवक के घर पहुंच उलाहना देना भारी पड़ गया। युवक ने उलाहना देने पहुंचे लड़की के पिता की गोलबंद होकर बेरहमी से पिटाई कर दी। भीड़ जुटने पर युवक ने उन्हें जानमाल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस बृहस्पतिवार को पीड़ित के तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कोहड़वल निवासी सुरेंद्र कन्नौजिया ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि 12 अगस्त को बेटी विंध्यावासिनी एक ऑटो में सवार होकर निचलौल से घर आ रही थी। बेटी ऑटो में बैठी कुछ महिलाओं से बातचीत कर हंस रही थी। इसी बीच ऑटो के पास बाइक सवार एक युवक आ पहुंचा। फिर युवक ऑटो को रोक बेटी को धमकी देने लगा। बेटी ने घर आने के बाद पूरी बात उन्हें बताई। ऐसे में वह युवक के घर उलाहना देने पहुंचे थे। जहां पर युवक कुछ लोगों के साथ गोलबंद होकर उनकी बेरहमी से पिटाई कर घायल कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में पीड़ित के तहरीर पर आरोपी अरबाज अली, अरमान अली, नसीब और वाजिद अली निवासी कोहड़वल के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।