महराजगंज। श्यामदेउरवां क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल के एक वार्ड में प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को परिजनों ने पकड़ लिया। धुनाई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र का एक युवक गोरखपुर में रहकर काम करता है। सोमवार की देर रात लगभग 10 बजे वह परतावल पहुंचा। वहां पहले से मौजूद अपने एक साथी के साथ नगर पंचायत परतावल के एक वार्ड में अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। दोस्त को बाहर छोड़ वह प्रेमिका के घर में घुस गया। प्रेमिका के पिता दूसरे घर पर सोए थे।
अगल-बगल के लोगों को भनक लगी तो उन्होंने लड़की के पिता को सूचना देकर चोर-चोर हल्ला मचाना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे पूरे वार्ड के लोग एकत्र हो गए और प्रेमी की तलाश करने लगे। पकड़े जाने की डर से वह छत पर चढ़ गया। लड़की के पिता ने छत पर चढ़कर उसका पीछा किया तो वह छत से कूद गया और अचेत हो गया। लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पानी का छिड़काव कर युवक को होश में लाया। पुलिस ने एंबुलेंस से उसे अपने साथ ले गई।
चौकी प्रभारी परतावल मनीष पटेल ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग का है। किसी ने तहरीर नहीं दी है। पकड़े गए युवक को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।