फार्म को जमा करने के लिए ग्रामीणों की लग रही भीड़
महराजगंज। एसआईआर फॉर्म में हुई त्रुटियों के संशोधन को लेकर ब्लॉक कार्यालय मिठौरा में शुक्रवार को ग्रामीणों की भारी भीड़ रही। फार्म में नाम, पता और अन्य विवरण में गलतियों के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले लोग सुबह से ही ब्लॉक में पहुंचने लगे थे।
नोटिस की सुनवाई के लिए पहुंचे लोगों में नाम कटने की चिंता साफ तौर पर देखी गई। ब्लॉक प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों के लिए दो अलग काउंटर स्थापित किए हैं। इसके बावजूद, दोनों काउंटरों पर दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं और ब्लॉक परिसर में गहमागहमी का माहौल बना रहा। लोग अपने दस्तावेजों के साथ अधिकारियों से समस्या समाधान की गुहार लगाते दिखे। खंड विकास अधिकारी मिठौरा राहुल सागर मौके पर मौजूद रहे, उन्होंने समय-समय पर फार्म जमा करने वाले काउंटरों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से एसआईआर फार्म में त्रुटियों से संबंधित समस्याओं को सुना और उनका निस्तारण कराया।