निचलौल। बृहस्पतिवार की दोपहर विद्युत उपकेंद्र पर बिजली बिल जमा करने के लिए उपभोक्ता उमड़ पड़े। भीड़ देखकर बिजली बिल जमा कर रहा बाबू झल्ला गए और बिल जमा करने से इन्कार कर दिया। इससे उपभोक्ता भड़क उठे। उन्होंने उपकेंद्र पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिकारियों ने किसी तरह से उन्हें शांत कराया। इसके बाद बिल जमा किए गए।
उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ता विद्यासागर निवासी सिरौली ने बताया कि 38 हजार रुपये बिजली बिल बकाया होने पर विभाग ने पांच दिन पहले कनेक्शन काट दिया। बिजली बिल जमा करने के लिए कई दिनों से उपकेंद्र पर आ रहा हूं, लेकिन न तो बिल जमा नहीं हो पा रहा है और न ही बिजली कनेक्शन जोड़ रहे हैं। ऐसे में जिम्मेदारों की मनमानी के चलते काफी परेशानी हो रही है। वहीं उपभोक्ता धनई शर्मा निवासी खोन्हौली ने कहा कि बिजली बिल बकाया होने पर विभाग के जिम्मेदार छह दिनों से कनेक्शन काटे हुए हैं। बकाया 87 हजार रुपये बिजली बिल जमा करने वह तीन दिनों से सुबह से लेकर शाम तक उपकेंद्र का चक्कर काट रहे हैं। लेकिन जिम्मेदार हर रोज कुछ न कुछ कारण बताकर उन्हें वापस कर दे रहे हैं। ऐसे में उनका कनेक्शन भी नहीं जुड़ पा रहा है। रामलखन सैनी निवासी दूधराई ने कहा कि बिल बकाया होने पर विभाग ने उनका कनेक्शन चार दिन पहले काट दिया। दो दिनों से बकाया 64 हजार रुपये जमा करने के लिए उपकेंद्र पहुंच रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों की मनमानी के चलते न बिल जमा हो पा रहा है और न ही कटा कनेक्शन जुड़ पा रहा है। उपभोक्ता मुन्नू निवासी मेघौली कला ने कहा कि उनका कनेक्शन एक माह से कटा हुआ है। बकाया 83 हजार रुपया बिल जमा करने के लिए बीते एक सप्ताह से उपकेंद्र का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनका बिल अभी तक जमा नहीं हो सका। न ही कटा कनेक्शन जुड़ पा रहा है। कुछ ऐसा ही समस्या सिधावे का निवासी उपभोक्ता उमाशंकर, कन्हैया, विंद्रावती आदि की रही।
-
बकाएदारों का काटा जा रहा कनेक्शन
उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग के जिम्मेदार छोटे से लेकर बड़े बकाएदारों का बकाया बिल जमा करने के लिए अभियान चलाकर हर रोज कनेक्शन काट रहे हैं। जबकि बकाया बिल जमा करने के लिए उपकेंद्र पर पहुंचने के बाद कोई न कोई कारण बता बगैर बिल जमा किए वापस लौटा दिया जा रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं को अंधेरे में रात गुजारने के साथ ही तमाम दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार बेपरवाह हैं।
-
ओटीएस योजना के चलते बढ़ी उपभोक्ताओं की भीड़ अधीक्षण अभियंता यशपाल सिंह ने कहा कि ओटीएस योजना चालू है। इसके चलते बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ गई है। दरअसल सर्वर की दिक्कत के चलते थोड़ी समस्या हो रही होगी। अगर इसके अलावा जिम्मेदारों की ओर से लापरवाही बरती जा रही है, तो मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।