महराजगंज। जिले में तैनात आशा कार्यकर्ताओं और उनके परिवार के सदस्यों को आयुष्मान कार्ड दिया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है, और अब इसमें आशा कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
केंद्र सरकार के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी जिलों को इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, जिले में 17 सामुदायिक व 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समेत एक नगरीय पीएचसी का संचालन होता है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित सभी योजनाओं का संचालन व क्रियान्वयन जिले की कार्यरत 2604 आशा कार्यकर्ताओं की ओर किया जाता है। शासन की ओर से इन आशा कार्यकर्ताओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर विशेष पहल की गई है। इन लोगों और उनके परिवार के सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा।
डिप्टी सीएमओ व आयुष्मान कार्ड के नोडल अधिकारी डॉ. नीरज कुमार कन्नौजिया का कहना है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की मुफ्त स्वास्थ्य बीमा सुविधा प्रदान की जाती है। यह कार्ड न केवल सरकारी बल्कि सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी इलाज मुफ्त की जाती है।