निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध कराएं टीकाकरण संबंधी सूचना
- जिला विद्यालय निरीक्षक ने माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर बुधवार तक मांगी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में चल रहे कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी विद्यार्थियों का टीकाकरण कराया जाना है। पंजीकृत छात्रों के सापेक्ष टीकाकरण के लिए विद्यार्थियों की संख्या कम है। ऐसे में जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्यों से निर्धारित प्रारूप पर दो प्रतियों में सूचना तैयार करते हुए एक प्रति संबंधित चिकित्सा प्रभारी तथा दूसरी प्रति जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बुधवार तक उपलब्ध कराने को कहा है।
जिले में 15 से 18 वर्ष उम्र के विद्यार्थियों के टीकाकरण का कार्य प्रगति पर है। लक्ष्य के सापेक्ष टीकाकरण की प्रगति अच्छी नहीं है। ऐसे में जिलाधिकारी ने इस पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश के क्रम में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं स्ववित्त पोषित मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व प्रधानाध्यापकों को निर्धारित प्रारूप पर सूचना बुधवार तक उपलब्ध कराने को कहा है। उसमें विद्यालय का नाम, ब्लॉक का नाम, 15 से 18 वर्ष के कुल पंजीकृत विद्यार्थियों की संख्या, टीकाकरण कराने वाले विद्यार्थियों की संख्या तथा टीकाकरण से वंचित विद्यार्थियों की संख्या को भी बताना होगा। टीकाकरण से वंचित विद्यार्थियों के नाम, पिता का नाम, कक्षा एवं वर्ग, मोबाइल नंबर, ग्राम व ब्लॉक का भी विवरण देना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानाचार्य मांगे गए सूचना को प्राथमिकता के आधार पर समयसीमा में उपलब्ध कराएं।
----------------------------
स्कूलों में रोस्टर के मुताबिक भेजी जा रही टीम
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि 15 से 18 वर्ष उम्र के विद्यार्थियों का अधिक से अधिक टीकाकरण के लिए स्कूलों में रोस्टर के मुताबिक तथा अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण के लिए गांवों में टीम को भेजा जा रहा है तथा ढूंढकर लोगों को टीका लगाया जा रहा है। इसके साथ ही सैंपलिंग व पॉजिटिव मरीजों को दवा देने का भी कार्य तेजी से हो रहा है।