रकम मांगने पर आरोपी ने 16 सितंबर को मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने गुमराह कर गलत तरीके से बस स्टेशन के पीछे बने भाई के मकान को बेचने की कोशिश की। बदले में 27 लाख रुपये की रकम भी ले ली। मांगने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी। केस दर्ज कराने के बाद पुलिस ने प्रकरण में जांच शुरू कर दी। जांच में पता चला कि आरोपी गुमराह कर अपने भाई के हिस्से के मकान को भी बेच रहा था।
सिविल लाइन मोहल्ले के अरविंद कुमार पांडेय ने तहरीर देकर अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत की। जिसके आधार पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। तहरीर के अनुसार, अरविंद के पड़ोसी अब्दुल अयूब ने अपने मकान को बेचने के लिए 28 लाख रुपये में बेचने के लिए एक स्टैंप लिख कर दिया। उसको 15 किस्तों में 27,76,000 रुपये नकद एवं चेक के माध्यम से दिया। जब उन्होंने अब्दुल आयूब से मकान की रजिस्ट्री के लिए कहा तो कई महीनों तक हीलाहवाली करता रहा।
16 सितंबर 2023 को दरवाजे पर कुछ लोगों के सामने अब्दुल अयूब ने जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने के लिए उतारू हो गया। लोगों ने बीचबचाव कर उसकी जान बचाई। जान से मारने की धमकी देते हुए घर से चला गया। उसके बाद मोहल्ले के लोगों ने बताया कि जिस मकान को बेचने के लिए पैसा लिया है, उस मकान में आधा हिस्सा उसके भाई का भी है। अब्दुल अयूब द्वारा झूठ बोलकर अपने भाई के हिस्से के मकान को बेचने का झांसा देकर रकम ले लिया गया।
सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि अब्दुल अयूब निवासी सिविल लाइन, नूर आलम निवासी पनियरा के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धारा के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।