निचलौल। चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत बसवार गांव में बृहस्पतिवार को खनन माफिया ने नायब तहसीलदार के वाहन को कुचलने की कोशिश की। चालक की सतर्कता से वह बाल-बाल बच गए। आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए।
नायब तहसीलदार ने जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर चौक थाने में पुलिस को साैंप दिया। नायब तहसीलदार पियूष जायसवाल ने बताया कि बसवार गांव में मिट्टी का अवैध खनन की सूचना पाकर मौके पहुंच गए। जहां पर खनन कर रहे माफिया जेसीबी और ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर भागने लगे।
उनका पीछा किया तो जेसीबी से उनके वाहन को धक्का मारने की कोशिश की। मौके से जेसीबी और ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ चौक थाने पहुंच पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। वहीं घटना की सूचना पाकर चौक थाने में पहुंचे एसडीएम शैलेन्द्र गौतम ने बताया कि मिट्टी की अवैध खनन करने वाले राजस्व कर्मियों के साथ दुस्साहस किया है। चौक थाना प्रभारी निरीक्षक रामचरण सरोज के अनुसार जेसीबी और ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।