सिंचाई विभाग ने बाउंड्री और गेट लगाकर बंद कर दिया है रास्ता
परतावल। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर-10 शिवनगर स्थित सिंचाई विभाग कॉलोनी में शिव मंदिर तक जाने वाले सार्वजनिक रास्ते को विभाग ने बाउंड्री और गेट लगाकर बंद कर दिया है। इससे लोगों को मंदिर पर आने जाने में परेशानी हो रही है। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने समस्या समाधान का भरोसा दिया है।
जानकारी के अनुसार रास्ता बंद होने से कई वर्षों से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मंदिर तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। श्रावण मास में इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों से रास्ता खुलवाने की मांग की। मामले की शिकायत के बाद बुधवार को उपजिलाधिकारी अवनीश त्रिपाठी, सीओ अंकुर गौतम, नायब तहसीलदार प्रद्युम्न सिंह समेत राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्या सुनी और मौके पर स्थिति का जायजा लिया।
नगर पंचायत की ओर से सिंचाई विभाग से उक्त भूमि को अपनी संपत्ति बताने संबंधी दस्तावेज भी मांगे गए थे। नगर पंचायत का कहना है कि कई बार पत्राचार के बावजूद सिंचाई विभाग की ओर से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने नगरवासियों को समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिया है।