महराजगंज। माध्यमिक विद्यालयों के उत्कृष्ट शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के लिए इंडियाज बेस्ट टीचर अवार्ड-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह पुरस्कार शिव नादर फाउंडेशन और सैड बिजनेस स्कूल, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के संयुक्त सहयोग से प्रदान किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। डीआईओएस स्तर से सभी 278 माध्यमिक स्कूलों को पत्र जारी किया है।
राजकीय सिंहपुर के प्रधानाचार्य अनमोल कुमार यादव ने बताया कि माध्यमिक स्तर के शिक्षकों के लिए इस पुरस्कार का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। ऐसे शिक्षक, जो कक्षा शिक्षण में उत्कृष्टता, शिक्षण पद्धति में नवाचार और विद्यालय व समुदाय में नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करते हैं, उन्हें इसके जरिये सम्मान पाने का मौका है। पुरस्कार के लिए व्यवसाय अध्ययन एवं उद्यमशीलता, कंप्यूटर साइंस, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, पर्यावरणीय विज्ञान, भूगोल, गणित और भौतिक विज्ञान सहित कुल आठ विषय श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।
प्रत्येक विषय में एक सरकारी और एक निजी विद्यालय के शिक्षक को सम्मानित किया जाएगा। इस प्रकार कुल 16 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस पुरस्कार के लिए केवल संबंधित विद्यालय ही अपने शिक्षकों का नामांकन कर सकते हैं। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन व निशुल्क है। अंतरराष्ट्रीय जूरी के अंतिम मूल्यांकन के आधार पर पांच सितंबर (शिक्षक दिवस) को सम्मान पाने वालों की घोषणा होगी।
माध्यमिक स्कूल के शिक्षकों को बेस्ट टीचर अवार्ड पाने का मौका है। इसके लिए 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। सभी स्कूलों को पत्र जारी किया गया है।
-प्रदीप कुमार शर्मा, डीआईओएस महराजगंज