पीस कमेटी की बैठक में शांतिपूर्ण ढंग से होली का पर्व मनाने की अपील
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को हुई पीस कमेटी की बैठक में शांतिपूर्ण ढंग से होली का पर्व मनाने की अपील की गई। इस दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के मसले पर भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार कुमार ने कहा कि होली के अवसर पर आपसी भाईचारा कायम रखा जाए। किसी ने भी अराजकता की, तो सख्त कार्रवाई होगी। एसडीएम व सीओ अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करेंगे। सभी एसडीएम व सीओ संबंधित थानों पर शांति समिति की बैठक करेंगे।
एसपी प्रदीप गुप्ता ने कहा कि सभी थानों में टीमें गठित की गई हैं, जो मौके पर जाकर विवाद का निस्तारण करेगी। सभी एसओ व चौकी इंचार्ज भी अपने-अपने क्षेत्र में पीस कमेटी की बैठक करेंगे। इस दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट साई तेजी सीलम, नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णगोपाल जायसवाल, शमसुल हुदा खां आदि मौजूद रहे।