Dr. Vaibhav treating a patient at PHC Lakshmipur Ekdanga.
महराजगंज। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान सर्दी-जुखाम, खांसी-बुखार, दाद-खुजली, मलेरिया, टाइफायड, गैस और एलर्जी आदि के मरीज मेले में पहुंचे।
सुबह 11:10 बजे पीएचसी कृत पिपरा में डॉ. मनोज मिश्रा मरीजों का इलाज करते नजर आए। मरीज गजेन्द्र कुमार ने बताया कि उन्हें सर्दी-जुखाम, बुखार और तेज खांसी की शिकायत थी।
कई जगह इलाज कराने के बाद भी राहत नहीं मिली। आरोग्य मेले में डॉक्टर ने कुछ दवाएं देकर सलाह दिया कि अगर सेहत में सुधार न हो तो जिला अस्पताल में दिखाएं। बबलू कुमार ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से बुखार है। झोलाछाप से इलाज कराने के बावजूद कोई फायदा नहीं हुआ। पीएचसी में जांच सुविधा नहीं होने के कारण डॉक्टर ने केवल दवाएं दीं और जिला अस्पताल जाने की सलाह दी।
दोपहर 12:25 बजे पीएचसी रुदलापुर में डॉ. अमित कुमार मरीजों का इलाज करते मिले। मरीज भानमती ने शिकायत करते हुए बताया कि उन्हें एलर्जी और खांसी की समस्या है लेकिन डॉक्टर ने केवल सिरप दी। देवेन्द्र कुमार ने बताया कि उन्हें दाद और खुजली की समस्या थी। डॉक्टर ने एंटीबायोटिक और कुछ अन्य दवाएं दीं लेकिन क्रीम नहीं दी। पीएचसी लक्ष्मीपुर एकदंगा में डॉ. वैभव मरीजों का इलाज कर रहे थे। शीला देवी ने बताया कि वह टाइफायड से पीड़ित हैं लेकिन डॉक्टर ने केवल सामान्य बुखार की दवा दी।