महराजगंज। विकास भवन में आंगनबाड़ी की नियुक्ति प्रक्रिया में लापरवाही का आरोप लगाकर शनिवार को अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। विकास भवन से प्रदर्शन करते हुए अभ्यर्थी व उनके परिजन डीएम कार्यालय पहुंचे। यहां ज्ञापन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि आंगनबाड़ी भर्ती के लिए विभिन्न ग्राम पंचायतों में रिक्त पदों की सूचना जारी की गई थी। इसके आधार पर उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन जब चयन प्रक्रिया को लेकर जानकारी लेने पहुंचे तो उन्हें बिना स्पष्ट कारण बताए लौटा दिया गया।
अभ्यर्थी रेनू सिंह निवासी बड़वार, अंजना निवासी सुखदेवपुर, सुमित्रा ग्राम रानीपुर, नूरजहां खातून निवासी बड़वार, चंद्रकला निवासी डिंगुरी, दुर्गावती निवासी राजमंदिर, अंजलि निवासी चौरी, अनुरोध निवासी निवास पोखर, मोना पासवान निवासी लाला बड़हरा, यशोदा निवासी नरकटहा, पूनम, विजय लक्ष्मी आदि का आरोप है कि आवेदन से संबंधित जानकारी देने के लिए कार्यालय में संपर्क करने को कहा गया था। यहां आने पर कर्मचारियों ने बताया कि केवल दिव्यांग, विकलांग, तलाकशुदा, आर्थिक रूप से कमजोर और स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित ही कार्यालय में रूक सकते हैं। बाकी सभी अभ्यर्थियों को जाने के लिए कह दिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि विकलांग तलाकशुदा आर्थिक रूप से कमजोर और स्वतंत्रता सेनानी आश्रित श्रेणी के जिन अभ्यर्थी की ओर से ऑनलाइन आवेदन किया था। उनको तकनीकी समस्या के कारण पोर्टल में अपलोड करते समय कुछ समस्या हो रही थी। उन अभ्यर्थियों बुलाया गया था। भ्रामक सूचना देकर अभ्यर्थियों को गुमराह किया गया है। इसकी जांच कराई जाएगी।