परतावल। क्षेत्र के ग्राम सभा सोनकटिया में हो रहे सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता बेहद खराब हो रही है। सड़क बनते ही उजड़ने लगी है।
ग्रामीण अच्छेलाल चौधरी, झिनक, नीतीश, सचिन, अनूप, सत्यम, सूरज, कुनाल, मंगेश, जगदीश, सोनू ने बताया कि यह सड़क कई वर्षों बाद बन रही है, लेकिन ठेकेदार और संबंधित विभाग की लापरवाही से सड़क टिकाऊ नहीं बन पाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर ना तो कोई इंजीनियर मौजूद है और न ही गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अवर अभियंता त्रयंबक उपाध्याय ने बताया कि समय-समय पर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया जाता है। 29 लाख रुपये की लागत से लगभग 1700 मीटर सड़क निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत के आधार पर जांच कराई जाएगी। संवाद