महराजगंज/परतावल। बृहस्पतिवार को परतावल बाजार में स्थित राजस्व लेखपाल के कार्यालय में पहुंचकर दो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने अभिलेख फाड़ने का भी प्रयास किया। शनिवार को पीड़ित लेखपाल ने श्यामदेउरवां थाना पहुंचकर दो नामजद युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। परतावल में तैनात लेखपाल राकेश कुमार ने समाधान दिवस में पहुंचकर तहसीलदार से शिकायत की। आरोप लगाया बताया कि बृहस्पतिवार को वह अपने घर बांसगांव, गोरखपुर गए थे। कार्यालय पर सहयोगी जरूरी दस्तावेज, नक्शा-खसरा आदि बना रहे थे। इसी दौरान परतावल ढाठर टोला निवासी वीरेंद्र व शोभी आए और पूछे कि लेखपाल कहां है। सहयोगियों ने बताया कि वह छुट्टी पर हैं। आरोप है कि इससे वे भड़क उठे और गाली देने लगे। मुझे जान से मारने की धमकी दी। सहयोगी ने विरोध जताया तो वे मारने पीटने के लिए दौड़ा लिए।
किसी तरह भागकर सहयोगियों ने जान बचाई। आरोपियों ने जरूरी दस्तावेज भी फाड़ने का प्रयास किया गया। समाधान दिवस में उपस्थित तहसीलदार पंकज शाही ने बताया कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अहिरौली में गांव के कुछ दबंगों पर विकास कार्यों में अवरोध पैदा करने की शिकायत ग्राम प्रधान ने की। शनिवार को उन्होंने थाना समाधान दिवस में पहुंचकर व्यथा सुनाई। उपजिलाधिकारी सदर रमेश कुमार ने मामले के निस्तारण के लिए टीम गठित कर दी। शिकायती पत्र में ग्राम प्रधान राधा देवी ने बताया कि वह गांव में स्थित हड़ौरी की भूमि पर शासन के मंशानुसार आरआरसी सेंटर का निर्माण कार्य करा रही हैं। उक्त भूमि का चिह्नांकन लेखपाल, कानूनगो व पुलिस बल के साथ पूर्व में ही कराया जा चुका है।
उसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। अब उक्त निर्माण कार्य में गांव के ही कुछ लोग बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। दबंगों ने निर्माण कार्य रोक दिया है। आरोपी पति को जानमाल की धमकी भी दे रहे हैं।
थाना समाधान दिवस में उपस्थित उपजिलाधिकारी सदर रमेश कुमार ने राजस्व व पुलिस टीम गठित कर मामले के निस्तारण करने के निर्देश दिए।