15 अगस्त के मद्देनजर सीमा पर बढ़ी विशेष सतर्कता
ठूठीबारी (महराजगंज )। 15 अगस्त को लेकर भारत नेपाल सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आने जाने वालों की पहचान पत्र की जांच के साथ ही सघन तलाशी ली जा रही है। इसके अलावा सीमा से सटे पगडंडियों पर विशेष नजर है। सुरक्षा कर्मी प्रत्येक हलचल पर नजर रखे हुए हैं। बीओपी इंचार्ज सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि पगडंडी पर जवानों की 24 घंटे नजर है।
ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिए किया प्रदर्शन
बरगदवां (महराजगंज )। क्षेत्र के ग्राम सभा भगतपुरवां टोला डगरुपुर में आठ दिन से 63 केवी का ट्रांसफॉर्मर जल गया है। जिसे बदलने की मांग को लेकर लोगों ने शुक्रवार को सुबह 11 बजे गांव में प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि बिजली नहीं रहने से काफी समस्या हो रही है। चौराहे पर ग्राहक सेवा केन्द्र बंद होने से आनलाइन सेवा ठप है। ग्रामीणों के बिजली उपकरण मोबाइल आदि को चार्ज करने मे परेशानी हो रही है। पिन्टू मद्धेशिया, दूधनाथ, संदीप कुमार, प्रदीप कुमार, शुशील, नेबूलाल, दीनानाथ, शिवचन्द, लीलावती, दिलीप, मनोज ने कहा कि यदि जला हुआ ट्रांसफॉर्मर दो दिन में नहीं बदला गया तो ठूठीबारी उपकेन्द्र का घेराव किया जाएगा। अवर अभियंता सुनील कुमार प्रजापति ने बताया कि जल्दी ट्रांसफॉर्मर बदल दिया जाएगा।
मारपीट में छह लोग घायल
मुजुरी (महराजगंज )। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रामनगर के टोला हुंड़रा में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियारा में भर्ती कराया गया। गांव के नारद और भूलाई में जमीनी विवाद है। शुक्रवार को भुलाई अपनी जमीन में नीव खोद रहे थे। उसी जमीन को नर्वदा देवी अपना होने का दावा करने लगी। जिस पर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष से नारद 45 ,मनीष 18 ,नर्मदा 40, खुशबू 15 घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से अनिल, भुलाई और राजन घायल हुए हैं। इंस्पेक्टर हरेंद्र कुमार मिश्रा ने तहरीर मिलने की पुष्टि की।
वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन
भिटौली ( महराजगंज )। सदर तहसील के ग्राम पंचायत अगया में ग्राम प्रधान अमेरिका प्रसाद की अध्यक्षता में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन शुक्रवार को दोपहर बाद दो बजे हुआ। आयोजक बी. पी.वर्मा ने बताया कि सरकार लोगों के बीच आर्थिक असमानता मिटाने के लिए काफी प्रयासरत है। लोगों को आगे बढ़ कर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। पूर्व प्रधान नूर आलम, सोनू पांडेय, शंभू गुप्ता, अख्तर, भोला आदि मौजूद रहे।
मारपीट का लगाया आरोप
मिठौरा (महराजगंज )। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के मिठौरा बाजार स्थित विद्युत उप केंद्र के अवर अभियंता धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने मिठौरा बाजार के हड़तोड़वा निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ विद्युत उप केंद्र पर कार्यरत कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट करने का आरोप लगाकर सिंदुरिया थाने में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ऋतुराज सुमन यादव तहरीर मिलने की पुष्टि की।