भिटौली। विकास खंड घुघली के गनेशपुर में बुधवार को एक दिवसीय दिन-रात राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। फाइनल मुकाबला मुजफ्फरनगर व बल्लो खास की टीम के बीच खेला गया। शानदार प्रदर्शन करते हुए मुजफ्फरनगर की टीम विजेता रही। मुजफ्फरनगर की टीम ने 24 प्वाइंट बनाए। बल्लो खास की टीम नौ प्वाइंट ही बना सकी। इस तरह से मुजफ्फरनगर की टीम ने 15 प्वाइंट से मैच जीतकर ट्राॅफी अपने नाम कर ली।
सेमीफइनल मुकाबले का पहला मैच गाजीपुर व मुजफ्फरनगर की टीम के बीच खेला गया, जिसमें मुजफ्फरनगर की टीम विजयी हुई। दूसरा सेमीफाइनल बल्लो खास व गबडुवा की टीम के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए बल्लो खास की टीम ने गबडुवा को हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली थी।
प्रतियोगिता में 20 से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ क्षेत्र के समाजसेवी अनवारुल हक व ग्राम प्रधान रमेश कन्नौजिया ने फीता काटकर व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता का समापन सपा नेता अमीर खान ने खिलाड़ियों में पुरस्कार वितरित कर किया। इस अवसर पर डॉ. सोहराब खान, अब्दुल गनी, एजाज खान मौजूद रहे।