इंटरसिटी के ठहराव के लिए किया प्रदर्शन
अड्डा बाजार। नईकोट रेलवे स्टेशन पर रविवार को क्षेत्र के लोगों ने इंटरसिटी एवं दुर्ग एक्सप्रेस के ठहराव के लिए प्रदर्शन किया। इसके बाद लोगों ने महाप्रबंधक को शिकायती पत्र भेजा।
देश दीपक पांडेय और राजू पांडेय ने कहा कि कोराना काल में सभी ट्रेनें बंद थी। वर्तमान में एक पैसेंजर ट्रेन संचालित है। शाम लगभग 6:30 बजे गोरखपुर से नौतनवां अप और सुबह 6:30 बजे नौतनवां से गोरखपुर डाउन ट्रेन ही नईकोट ठहरती है। इसके अलावा इंटरसिटी और दुर्ग ट्रेन का यहां ठहराव नहीं है। इससे यात्रियों को असुविधा होती है। इस स्टेशन से अड्डा व जंगल तक के लोग ही नहीं, नेपाल के मर्चवार तक के लोग यात्रा करते हैं। जनहित में पुरानी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन और इंटरसिटी का ठहराव जरूरी है। रेल महाप्रबंधक गोरखपुर को मांग पत्र भेजा गया है। जल्द सुनवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर अफजल हुसैन, अवधेश सिंह, अमित गुप्ता, रोशन लाल, प्रेम मद्धेशिया, शुभम दूबे, प्रिंस अग्रहरि, राजू सिंह, दुर्गादीन पाठक आदि मौजूद रहे।