महराजगंज। अक्तूबर माह का मौसम सर्द-गर्म बना हुआ है। भोर में हल्की ठंड पड़ने के चलते पंखे और कूलर की रफ्तार कम करनी पड़ रही है। मौसम परिवर्तन का असर लोगों के स्वास्थ्य पर देखा जा रहा है। बच्चे, बूढ़े और महिलाएं सभी बीमारियों के दायरे में पहुंच रहे हैं। त्वचा रोग के अलावा पेट दर्द और उल्टी के कारण लोग उपचार के लिए अस्पतालों का रुख कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को 700 से अधिक मरीज जिला अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे। बुखार के अलावा त्वचा रोग, आंखों में इन्फेक्शन व सिर में दर्द से परेशान मरीजों की अधिकता रही। सर्द गर्म मौसम लोगों को बीमार करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा। पहले मौसमी बुखार का प्रकोप तो अब खांसी, आंखों में इन्फेक्शन, त्वचा रोगियों की संख्या भी बढ़ रही है। शरीर पर चकत्ते के रूप में दाने निकल रहे जिसमें जलन और खुजली दोनों होने के कारण मरीजों को परेशानी हो रही है।
जिला अस्पताल में आए त्वचा रोगियों को दवा के साथ घमौरी नाशक पाउडर के छिड़काव की सलाह व तेल मसालों से परहेज करने की सलाह दी। खांसी की समस्या से जूझते मरीजों को ठंडा पानी न पीने तथा ठंडी चीजें न खाने की सलाह दी गई। सीएमएस डाॅ. एपी भार्गव ने बताया कि पसीने के कारण त्वचा संबंधित परेशानी लोगों को हो रही है। शरीर को सूखा रखने व खान पान में तेल मसालों का प्रयोग कम करने की सलाह देते हुए दवाओं की उपलब्धता कराई जा रही है।