अधिवक्ताओं व कलक्ट्रेट चौकी प्रभारी के बीच बुधवार को हुए विवाद के मद्देनजर पुलिस बृहस्पतिवार को पूरी तरह पुलिस सतर्क रही। कलक्ट्रेट परिसर से लेकर शहर में सक्सेना चौक कोतवाली तक पुलिस प्रत्येक हलचल पर नजर रखे रही। वहीं घटना के विरोध में अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
बुधवार को हुई घटना के मद्देनजर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार श्रीवास्तव एवं महामंत्री रामराज चौधरी ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा से वार्ता की। अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में सभी जरूरी बिंदुओं पर चर्चा की गई, जिसके बाद उच्चाधिकारियों ने मामले का संतोष जनक समाधान का आश्वासन दिया है।
मामले में दुर्गेश कुमार सिंह चौकी प्रभारी कलेक्ट्रेट थाना कोतवाली सदर की तहरीर पर आरोपी अधिवक्ता राजू कुमार भारती, आदित्य पटेल, अमित राय, रंजीत गुप्ता, अब्दुल करीम, निखिल पूरी, बृजभूषण मणि त्रिपाठी उर्फ सज्जन, महेश यादव, विनय त्रिपाठी, पवन तिवारी, विजय चौधरी एवं वकील प्रसाद प्रजापति के साथ ही साथ 6-7 अज्ञात अधिवक्ताओं के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। उधर, पुलिस की ओर से कलक्ट्रेट परिसर में सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर निगरानी की जा रही थी। सादे वेश में पुलिस दीवानी कचहरी के आस पास प्रत्येक हलचल पर नजर रखे रही।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने कहा कि प्रकरण की जांच की जा रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।