आदित्य के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजन आक्रोशित
महराजगंज। निचलौल क्षेत्र के खरचौली गांव के रहने वाले बी फार्मा के छात्र आदित्य कुमार की हत्या बीते 27 अप्रैल को महलगंज चौराहे पर किराए के कमरे में हुई थी। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना दिया। पुलिस की उदासीनता पर परिजनों ने गुस्से का इजहार किया।
मृत छात्र के भाई अवनीश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस मामले में पुलिस सक्रियता नहीं बरत रही है। छोटा भाई आदित्य चेहरी आईटीएम में बी फार्मा प्रथम वर्ष का छात्र था। वह महलगंज चौराहे पर किराए के मकान में रहता था। उसकी मकान में 27 अप्रैल 2022 को उसका शव मिला था। कोतवाली में हत्या की धारा के तहत केस दर्ज हुआ, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पोस्टमार्टम में गला दबाने से मौत होने का जिक्र है। ऐसे में पूरा भरोसा है कि उसकी हत्या कर सबूत मिटाने का प्रयास किया गया। साजिश रचकर भाई की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय, खामोश है। जिम्मेदारों को कई बार आवेदन देकर मामले का पर्दाफाश करने की मांग की गई, लेकिन किसी से ध्यान नहीं दिया। इस दौरान सुभाष, मदन, लक्ष्मण, पप्पू गुप्ता, पल्टू, शिवनाथ, महेंद्र आदि मौजूद रहे।