‘अनियमितता पर क्रय केंद्र प्रभारियों पर होगी कार्रवाई’
डीएम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई धान खरीद की बैठक
महराजगंज। एक नवंबर से जिले में धान की खरीद शुरू होगी। क्रय केंद्र प्रभारी मानकों के तहत खरीद कराएं। यदि धान खरीद में अनियमितता मिली तो केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।
ये बातें डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में क्रय केंद्र प्रभारियों की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि केंद्र प्रभारी ईमानदारी से करें। छोटे किसानों से धान की खरीद को प्राथमिकता दें। केंद्र पर काटा, नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रानिक झरना, बोरा, लैपटॉप, किसानों के रुकने आदि की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। प्रभारी केंद्रों पर मौजूद रहें। जांच में नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार को निर्देशित किया कि वे किसानों को पंजीकरण की प्रक्रिया को बताने का कार्य करें। पंजीकरण का सत्यापन जिम्मेदार मौके का मुआयना करने के उपरांत करें। धान की खरीद लक्ष्य से अधिक हो इस दिशा में कार्य किया जाए। इस दौरान एडीएम पंकज कुमार वर्मा, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह, एआर कोआपरेटिव सवींद्र सिंह, सभी एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार आदि मौजूद रहे।