नौतनवा। सिख समुदाय के अध्यक्ष मनजीत सिंह के नेतृत्व में सोमवार की दोपहर समुदाय के लोग नौतनवा थाने पर पहुंचे। उन्होंने एक व्यक्ति पर सिख धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट वायरल करने का आरोप लगाया।
समुदाय के अध्यक्ष मनजीत सिंह, अमरिंदर सिंह, इंद्रपाल सिंह, ईश्वरपीत, गुरदीप सिंह, अभिजीत सिंह, मनमीत सिंह आदि लोगों ने बताया कि फेसबुक पर हमारा नौतनवा नामक एक पेज पर किसी व्यक्ति द्वारा गुरुद्वारा एवं गुरु साहबान के इतिहास आदि के बारे में अपमानजनक एवं आपत्तिजनक पोस्ट डाला गया है। जिससे समूचे सिखों की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचा है और यह कृत्य सिख एवं हिन्दू एकता को भी खंडित करने वाला है। सिख समुदाय के लोगों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच-पड़ताल कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।