खनुआ। एसएसबी 66वीं वाहिनी की सीमा चौकी सुंडी के जवानों ने मंगलवार को बाइक पर लदी तीन बोरी यूरिया खाद बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में अग्रिम कार्रवाई के लिए नौतनवा कस्टम के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सीमा चौकी प्रभारी (सामान्य) उप निरीक्षक दीपक कर्माकर को खुफिया तंत्र से सूचना मिली कि ग्राम बैरिहवा उर्फ आराजी सरकार के पास पगडंडी मार्ग से कुछ लोग भारत से नेपाल यूरिया की तस्करी करने की फिराक में हैं। इस पर उन्होंने खुद विशेष गश्ती दल का गठन करके बताए गए स्थान पर जाकर निगरानी शुरू कर दी।
कुछ समय बाद बॉर्डर रोड से बैरिहवा गांव की तरफ एक बाइक सवार संदिग्ध अवस्था में खाद की बोरी लेकर आता दिखाई दिया, जिसे गश्ती दल ने दबोच लिया। आरोपी यूरिया से जुड़ा वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। गश्ती दल ने उसे तीन बोरी यूरिया खाद और बाइक जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम भोनू यादव निवासी वार्ड नं. 16, ग्राम नौतनवा बताया। साथ ही स्वीकार किया कि उसकी 3 बोरी यूरिया खाद अवैध रूप से नेपाल ले जाकर बेचने की योजना थी।