अनुपस्थित रहने वाले दो सचिवों का वेतन रोका
महराजगंज। शासन की प्राथमिकता में शामिल परफार्मेंस ग्रांट की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहना दो ग्राम सचिवों को भारी पड़ गया। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी ने उनके एक दिन का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया है।
परफार्मेंस ग्रांट से संबंधित ग्राम पंचायतों में कराए जाने वाले विकास कार्यों के लिए बुधवार की देर शाम समीक्षा बैठक हुई थी। उसमें सिसवा ब्लॉक के सचिव ऋषिकेश पटेल व परतावल ब्लॉक के सचिव विकास कुमार सिंह उपस्थित नहीं रहे। परियोजना निदेशक राजकरन पाल ने अनुपस्थित दोनों कर्मियों के एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने यह कार्रवाई की। जिला पंचायत राज अधिकारी कृष्ण बहादुर वर्मा ने बताया कि अनुपस्थित रहने वाले दोनो सचिवों का वेतन रोका गया है।
कार्यों को तीव्र गति से कराने के दिए निर्देश
समीक्षा बैठक में डीपीआरओ ने उपस्थित सचिवों को निर्देशित किया कि वे संबंधित ग्राम पंचायत मेें विकास कार्यों को तीव्र गति से कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। यह भी कहा कि ग्राम पंचायत के पास जो धन बचा हुआ है, जिम्मेदार उसके मुताबिक कार्यों का डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाकर प्रस्तुत करें। इस दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार अनिल चौधरी, सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी नित्यानंद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।