नेपाल पुलिस की पूछताछ में हुआ खुलासा, सोनौली से नेपाल पहुंचते ही धरी गई महिला
सोनौली। बेलहिया नाके से नेपाल पहुंची महिला को नेपाल आर्म्स पुलिस ने बृहस्पतिवार 2.5 करोड़ के सोने के साथ गिरफ्तार किया था। वह महिला आभूषण भैरहवा में छोड़कर हवाई मार्ग से काठमांडो जाने की तैयारी में थी। भारत से सोने के आभूषण लेकर महिला जा रही थी।
नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल ने सोनौली बॉर्डर से 500 मीटर की दूरी पर भैरहवा के शांति गेट के पास कार्रवाई करते हुए महिला के कब्जे से हार, चूड़ी, अंगूठी, चेन समेत विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण बरामद किए। गिरफ्तार महिला की पहचान काठमांडो मेट्रोपॉलिटन सिटी-19 निवासी 46 वर्षीय इला पटेल के रूप में बताई गई है। शुक्रवार को पुलिस की पूछताछ में पता चला कि महिला कांख में झोला लेकर बड़े ही आसानी से बॉर्डर पार कर गई थी।
बताया जा रहा है कि महिला भारत से सोने के आभूषण लेकर सोनौली सीमा के रास्ते पैदल नेपाल में दाखिल हुई थी। सीमा पार करने के दौरान उसने भारतीय एसएसबी की जांच, नेपाल के वॉक-थ्रू गेट और भंसार की चेकिंग भी पार कर ली। इसके बाद वह भैरहवा की ओर पहुंच गई। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि महिला को भैरहवा में किसी व्यक्ति को सोने के आभूषण सौंपने थे। इसके बाद वह बुद्ध एयर की उड़ान से हवाई मार्ग के जरिए काठमांडो जाने की तैयारी में थी।
इससे पहले ही सशस्त्र पुलिस बल ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आर्म्ड पुलिस फोर्स ने बरामद 2. 650 किलो ग्राम आभूषण और गिरफ्तार महिला को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित कस्टम कार्यालय को सौंप दिया है। कस्टम अधिकारियों की ओर से बरामद सोने की कीमत, उसके स्रोत और सीमा पार सोने की आवाजाही से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
आर्म्स पुलिस डीएसपी कृष्ण प्रसाद भट्टराई ने बताया कि मुख्य सीमा भारत से नेपाल पहुंची महिला के पास अवैध सोने के आभूषण मिले हैं। उक्त महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।
गुप्त सूचना पर शांति गेट में घेराबंदी
नेपाल सशस्त्र पुलिस बल को महिला के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर शांति गेट क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई। इसी दौरान पुलिस की नजर महिला की गतिविधियों पर पड़ी। संदेह के आधार पर उसे रोककर तलाशी ली गई, तो उसके पास मौजूद झोले से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद हुए। बताया जा रहा है कि महिला सामान्य वेशभूषा में थी और फटी हुई चप्पल पहनकर आम राहगीर की तरह पैदल चल रही थी। इसी सामान्य हुलिए के कारण वह सीमा पर कई स्तर की जांच पार कर नेपाल तक पहुंच गई। हालांकि, गुप्त सूचना के बाद शांति गेट पर हुई कार्रवाई में उसके पास मौजूद सोना पकड़ लिया गया।