घटना के बाद परिजनों में मची चीख-पुकार
कोल्हुई। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम जोगियाबारी डंडा नदी के घाट पर कलश यात्रा के दौरान एक किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही इसकी सूचना किशोर के परिजनों को मिली चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कम्हरिया बुजुर्ग में बृहस्पतिवार सुबह में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के तहत कलश यात्रा निकाली गई थी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु जोगियाबारी के डांडा नदी के घाट पर पहुंचे, जहां स्नान करते समय कम्हरिया बुजुर्ग निवासी विशाल गुप्ता (16) गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन तब तक वह पानी में लापता हो चुका था। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी खोजबीन के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया। बचे होने के आस में परिजन उसे सीएचसी लक्ष्मीपुर ले गए। जांच-पड़ताल के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस संबंध में थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।