मुख्य मार्ग पर तीन बैरिकेड लगाने से नेपाल जाने वाले यात्रियों और वाहनों की आवाजाही हुई प्रभावित
पुलिस ने एसएसबी अधिकारियों से बातचीत कर अतिरिक्त हटवाया बैरिकेड, इसके बाद सामान्य हुई यातायात व्यवस्था
सोनौली। नेपाल सीमा स्थित सोनौली के मुख्य गेट पर नेपाल से आने-जाने वालों की जांच के लिए एसएसबी की ओर से अतिरिक्त बैरिकेडिंग करने से बृहस्पतिवार की शाम जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। मुख्य मार्ग पर तीन स्तर पर जांच किए जाने से भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। अतिरिक्त बैरिकेड हटाने के बाद व्यवस्था सामान्य हो सकी।
जानकारी के अनुसार, सामान्य जांच के लिए बॉर्डर पर सुरक्षा कर्मी तैनात रहे। बृहस्पतिवार को इंडिया गेट के नीचे पैदल यात्रियों की जांच के लिए बैरिकेड लगाया गया था। इसके बाद दोपहिया वाहनों की जांच के लिए एक और अतिरिक्त बैरिकेड लगाया गया। दो अतिरिक्त बैरिकेडिंग से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में नेपाली ग्राहक भी फंस गए, जिससे व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई। समाजसेवी बैजु यादव और व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय कुमार सिंह बबलू की अगुवाई में कस्बे के व्यापारियों ने मुख्य मार्ग पर की गई ट्रिपल बैरिकेडिंग को लेकर एसएसबी अधिकारियों से आपत्ति जताई। व्यापारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था आवश्यक है लेकिन इससे आम लोगों और व्यापारिक गतिविधियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एसएसबी अधिकारियों से बातचीत कर अतिरिक्त बैरिकेड हटवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हुई।
इस दौरान रुपेश अग्रवाल, विक्रम जायसवाल श्रीनिवास जायसवाल, राजू पटवा, नीरज गुप्ता, मुकेश कुमार, संतोष अग्रहरी, असरार अहमद, दिनेश कुमार सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।