फरेंदा। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बरगाहपुर के टोला त्रिलोकपुर में मंगलवार की सुबह करीब 10.30 बजे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से रामलखन 45 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा कृष्णा घायल हो गया।
यह घटना घर पर लगे टेंट उतारते समय पाइप हाईटेंशन तार से टकराने की वजह से हुई। मृतक राम लखन के बेटे की रविवार को शादी थी। सोमवार की रात को बहूभोज कार्यक्रम था। कार्यक्रम के बाद मंगलवार की सुबह बहूभोज में लगे टेंट को उतारा जा रहा था। इसी दौरान टेंट का पाइप ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से छू गया। इससे रामलखन करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद घर पर अफरा-तफरी मच गई। स्वजन दोनों लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी फरेंदा ले गए। जहां पर रामलखन को डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि कृष्णा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया गया। थानाध्यक्ष बृजमनगंज सत्य प्रकाश सिंह के अनुसार, घटना के संबंध में अस्पताल से सूचना मेमो प्राप्त हुई। इसके संदर्भ में कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है। संवाद