युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने लगाई टैंकर में आग
- फोटो : अमर उजाला
सोनौली/खुनआ। नेपाल बॉर्डर सटे कस्बा सोनौली में रविवार की शाम करीब चार बजे नेपाली टैंकर की चपेट में आकर एक साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई। उसकी शिनाख्त मोहम्मद सुहैल (28) पुत्र गफ्फार निवासी चैनपुर बिहार के रूप में हुई। युवक की मौत से बौखलाए ग्रामीणों ने टैंकर छोड़ भाग रहे चालक को पकड़ कर जमकर पिटाई की। साथ ही लोगों ने टैंकर आग के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह भीड़ के चंगुल से टैंकर चालक को बचाया और शव को कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने नेपाली दमकल की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। इस घटना के बाद अचानक दुकानों के शटर गिरने लगे। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया।
रविवार की शाम करीब चार बजे नेपाल से भारत आ रही एक नेपाली नंबर की खाली टैंकर की चपेट में आकर एक साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। उधर, घटना के बाद चालक टैंकर मौके पर छोड़ कर नेपाल की ओर भागने लगा। यह देख मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को दौड़ा लिया और पकड़ने के बाद उसकी जम कर पिटाई की। इस बीच हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मसक्कत के बाद चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर थाने भेजवा दिया।
उधर, इस घटना से नाराज लोगों ने टैंकर को आग के हवाले कर दिया। इससे पूरे कस्बे में अफरातफरी मच गई। अचानक दुकानों के शटर गिरने लगे और देखते ही देखते पूरे कस्बे में सन्नाटा पसर गया। पुलिस प्रशासन जैसे तैसे आग को बुझाने के प्रयास में जुट गया। नेपाल से फायर ब्रिगेड की गाड़ी मंगा कर आग पर काबू किया गया। उसकी शिनाख्त मोहम्मद सुहैल (28) पुत्र गफ्फार निवासी चैनपुर बिहार के रूप में हुई। युवक सोनौली में दिहाड़ी पर मजदूरी का काम करता था। इस संबंध में सीओ सुरेश कुमार रवि का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर चालक संतोष खरे निवासी भलुआरी नेपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।